#सीतापुर:एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़: दो शातिर गिरफ्तार, 41 एटीएम व नकदी बरामद.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में एटीएम कार्ड बदलकर भोले-भाले नागरिकों के बैंक खातों में सेंध लगाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतापगढ़ के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 41 एटीएम कार्ड, 42 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई है।

बुजुर्ग से ठगी कर निकाले थे 80 हजार.बीती 3 सितंबर को नगर के सिटी सेंटर मॉल के सामने स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर एक बुजुर्ग नागरिक के साथ ठगी की वारदात हुई थी। आरोपियों ने चालाकी से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए थे तथा खरीदारी भी की थी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।

आरएमपी तिराहे के पास दबोचे गए आरोपी.पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गठित पुलिस व एसओजी टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शनिवार को आरएमपी तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से संतोष कुमार पाठक निवासी रायपुर और संत बहादुर यादव निवासी पूरे बोधराम थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ को धर दबोचा। तलाशी में संतोष के पास से 23 एटीएम कार्ड व 22 हजार रुपये तथा संत बहादुर से 18 एटीएम कार्ड व 20 हजार रुपये बरामद हुए।

मदद के बहाने देखते थे पिन, फिर बदलते थे कार्ड.पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे अपाचे बाइक से अलग-अलग जिलों में घूमकर वारदात को अंजाम देते थे। एटीएम बूथों पर बुजुर्गों की मदद का झांसा देकर पीछे खड़े होते और चुपके से पिन देख लेते थे। इसके बाद नजर बचाकर असली कार्ड को निष्क्रिय कार्ड से बदल देते थे और दूसरे एटीएम से नकदी निकाल लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ